बुलंदशहर में लाखों के सार्वजनिक शौचालय बंद:रखरखाव पर हर महीने 25 हजार खर्च,50 हजार लोगों को हो रही परेशानी...TV Newsकल तक
Repoter Kadeem Rajput TV Newsकल तक
January 12, 2026
बुलंदशहर में नगर पालिका द्वारा स्वच्छता और सार्वजनिक सुविधा के लिए बनाए गए कई सार्वजनिक शौचालय बंद पड़े हैं। लाखों रुपए खर्च कर निर्मित इन शौचालयों के ताले सालों से नहीं खुले हैं, जिससे प्रतिदिन लगभग 50 हजार लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। दावा किया जा रहा है कि इन शौचालयों के रखरखाव और संचालन पर हर माह 20 से 25 हजार रुपए खर्च होते हैं, लेकिन जमीनी हकीकत इसके विपरीत है। नगर पालिका क्षेत्र में लोगों की मांग और शासन के निर्देश पर ये शौचालय बनाए गए थे। इन शौचालयों के लिए न तो केयरटेकर तैनात किए गए हैं और न ही कई शौचालयों में पानी की व्यवस्था है। लाखों रुपए खर्च होने के बावजूद, लोग खुले में शौच करने को मजबूर हैं, जैसे जर्जर इमारतों के किनारे, खाली प्लॉटों और सड़कों पर। कई शौचालयों का निर्माण पूरा हो चुका है, लेकिन उन्हें चालू करने और संचालित करने की जिम्मेदारी केवल फाइलों तक सीमित है। नगर के मोती बाग स्थित अग्निशमन कार्यालय के पास बना शौचालय भी अभी तक चालू नहीं किया गया है। इसके कारण बड़ी संख्या में लोग खुले में शौच करने को विवश हैं, जिससे मोती बाग परिसर से गुजरने वाले लोगों को दुर्गंध का सामना करना पड़ता है। ठेली लगाने वाले राशिद ने बताया कि इस शौचालय में दो साल से कोई सुविधा नहीं है। कर्मचारी इसे ताला लगाकर बंद ही रखते हैं।
*लाल तालाब मंडी के शौचालय पर लटका ताला*
नगर के लाल तालाब सब्जी मंडी में व्यापारियों व लोगों की सुविधा के लिए बनाए गए शौचालय पर लंबे समय से ताला लटका हुआ है। स्थिति यह है कि शौचालय पर ताला होने के चलते व्यापारी व मंडी में खरीदारी के लिए आने वाले लोगों को भटकना पड़ता है, लेकिन नगर पालिका अधिकारियों ने इन शौचालयों के ताला खुलवाने के लिए कदम नहीं उठाया है। सब्जी व्यापारी सोनू ने बताया कि बनाए जाने के बाद शौचालय का ताला ही नहीं खोला गया है। ऐसे में व्यापारी बाजार के पीछे एक खाली प्लॉट में शौच के लिए मजबूर होते हैं।
*नुमाईश मैदान के शौचालय का नहीं खुला ताला*
नगर के नुमाईश मैदान में लोगों की सुविधा के लिए बनाए गए शौचालय का अधिकारी अभी तक ताला नहीं खुलवा सके हैं। करीब एक साल पहले बनाए गए शौचालय के निर्माण के दौरान लोगों को सुविधा का दावा किया गया था, लेकिन शौचालय में लगाई गई टंकी भी खराब हो चुकी है, परंतु लोगों के लिए इसे खोला ही नहीं गया है। जिसके चलते प्रतिदिन नुमाईश मैदान के आसपास दुकान लगाने वाले, सब्जी-फल विक्रेता योगेश कुमार ने बताया कि शौचालय केवल खानापूर्ति के लिए बनाया गया है, ताला लगा होने के कारण लोग खुले में शौच के लिए मजबूर हो रहे हैं।
*मुख्य बाजार के शौचालय पर भी नहीं ध्यान*
नगर के अंसारी रोड चौराहे के पास नगर पालिका ने शौचालय का निर्माण कराया था। दावा था कि बाजार में आने वाले लोगों व व्यापारियों को सुविधा मिलेगी, लेकिन शौचालय का निर्माण होने के बाद भी लोगों को इसका लाभ नहीं मिल पा रहा है। अधिकतर समय इस पर ताला लटका रहता है। कभी-कभार ताला खोला जाता है तो वहां न तो पानी की पर्याप्त सुविधा है और न ही हाथ साफ करने के लिए साबुन की। व्यापारी सोहेल ने बताया कि अधिकारियों की लापरवाही से योजनाओं के नाम पर केवल बंदरबांट हो रही है। अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका डा. अश्विनी कुमार सिंह ने बताया कि शौचालयों की स्थिति सुधारने के लिए कदम उठाए जा रहे हैं। इसके लिए बोर्ड बैठक से स्वीकृति पहले ही मिल चुकी है। शौचालयों में सुधार के लिए कुछ व्यवस्थाएं की गई थीं। जल्द ही सभी शौचालयों को चालू करा दिया जाएगा।
Related Articles
गणेश विसर्जन से लौट रहे श्रद्धालुओं का 'छोटा हाथी' पलटा:अनूपशहर से लौटते समय दो गंभीर घायल, हाईवे पर लगा लंबा जाम...TV Newsकल तक
By Repoter Kadeem Rajput TV Newsकल तक • September 21, 2026
राष्ट्रीय मंत्री बनने के बाद सांसद भोला सिंह नरसेना पहुंचे:जेसीबी से हुई फूलों की बारिश, ग्रामीणों ने रोड शो में किया जोरदार स्वागत...TV Newsकल तक
By Repoter Kadeem Rajput TV Newsकल तक • September 21, 2026
काटने के बाद युवक ने डिब्बे में बंद किया सांप:खुद लेकर पहुंचा अस्पताल; डॉक्टरों ने बचाई जान...TV Newsकल तक
By Repoter Kadeem Rajput TV Newsकल तक • September 21, 2026