यूपी की लड़की से बोला- ऑपरेशन सिंदूर में बिजी हूं:इंजीनियर ने आर्मी अफसर बनकर 20 लड़कियों को फंसाया,मिल नहीं सकता; ब्लैकमेल कर लाखों ठगे...TV Newsकल तक

RKRTNत

Reporter Kadeem Rajput TV Newsकल तक

August 16, 2025

यूपी की लड़की से बोला- ऑपरेशन सिंदूर में बिजी हूं:इंजीनियर ने आर्मी अफसर बनकर 20 लड़कियों को फंसाया,मिल नहीं सकता; ब्लैकमेल कर लाखों ठगे...TV Newsकल तक

1- अब तुम मेरी पत्नी बनने वाली हो..इतना विश्वास तो करना ही पड़ेगा, मैं जो भी कर रहा हूं, वो हमारी भलाई के लिए है।

2- मुझे हमारे लिए घर बनवाना है, उसकी किस्त के लिए ढाई लाख रुपए चाहिए।

3- अचानक से मेरे पापा की तबीयत बिगड़ गई है, क्या कुछ पैसों की मदद हो सकती है?

4- देखो अभी मैं ऑपरेशन सिंदूर में बिजी हूं, अभी मैं किसी से नहीं मिल सकता…। ऊपर लिखी चारों इमोशनल बातों का सच्चाई से कोई वास्ता नहीं है। क्योंकि मैट्रिमोनियल साइट पर कुलदीप उर्फ नवीन सिंह ये बातें हर उस लड़की से बोलता था, जो उसके झांसे में आती थीं। कुलदीप खुद एक सिविल इंजीनियर है। वह 4 साल में लगभग 20 लड़कियों को धोखा देकर लाखों रुपए ठग चुका है। उसके पासे मिनिस्ट्री ऑफ होम अफेयर्स यानी गृह मंत्रालय का फर्जी आईडी कार्ड मिला। बागपत पुलिस कुलदीप को बुलंदशहर से गिरफ्तार किया है।

*पहले जानिए कैसे गिरफ्तार हुआ?*

आरोपी कुलदीप के खिलाफ बागपत की एक युवती ने शिकायत की थी। युवती को आरोपी ने अपना नाम नवीन सिंह बताया था। युवती ने पुलिस को बताया, नवीन ने जीवन साथी और मेट्रोमोनियल साइटों पर खुद को सेना में मेजर बताकर अपना प्रोफाइल अपलोड कर रखा था। आरोपी पिछले 4 महीने से बात कर रहा था। शादी करने का वादा किया। बाद में इमोशनल ब्लैकमेल करके 2.73 लाख रुपए की ठगी कर ली। पुलिस ने मुकदमा लिखा और कुलदीप का लोकेशन ट्रेस किया। पता चला कि कुलदीप बुलंदशहर में अपने एक परिचित से मिलने आने वाला है। पुलिस टीम पहले से अलर्ट थी। जैसे ही वह 14 अगस्त को बुलंदशहर पहुंचा, चौकी निवाड़ा के पास से उसे दबोच लिया।

*परिवार से बोला- नोएडा में प्राइवेट जॉब करता हूं*

इंजीनियर कुलदीप बुलंदशहर में जिनमाई, छतारी का रहने वाला है। परिवार में पत्नी, भाई, पिता और मां हैं। उसकी एक 9 महीने 10 दिन की बेटी भी थी, जिसकी बीमारी के चलते कुछ दिन पहले ही मौत हो गई। वह खुद नोएडा में रहता है। जबकि परिवार गांव में रहता है। आरोपी ने परिवार को बताया है कि वह नोएडा में रहकर प्राइवेट जॉब करता है। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद अभी कोई भी उसके परिवार से मिलने नहीं आया।

*कई राज्यों की लड़कियों को बनाया शिकार*

आरोपी कुलदीप ने सिर्फ यूपी ही नहीं बल्कि दिल्ली, राजस्थान, चंडीगढ़, हरियाणा समेत दक्षिण भारतीय लड़कियों को अपना शिकार बनाया है। लेकिन बागपत की युवती पुलिस के पास शिकायत करने पहुंची।

*अब तक आर्मी के 15 अफसरों की फोटो इस्तेमाल की*

कुलदीप इतना शातिर था कि वह हर बार नई पहचान के साथ लड़कियों को धोखा देता था। वह मैट्रिमोनियल साइट पर गूगल से किसी स्मार्ट और लंबी कद-काठी के सेना के अफसरों की फोटो निकालकर उसकी डीपी लगाता। नाम भी उसी अफसर का रखता। जब कोई अमीर घर की लड़की उसको रिक्वेस्ट भेजती तो वो उसको बातों में फंसाकर पैसे ऐंठता। आरोपी अब तक लगभग 15 सेना के अफसरों की फोटो इस्तेमाल कर चुका है।

*मेरठ से इंजीनियरिंग की, शादी के बाद नौकरी छूटी*

जांच में शामिल एक पुलिसकर्मी ने बताया, कुलदीप सिंह ने साल 2014 में मेरठ की सुभारती यूनिवर्सिटी से सिविल इंजीनियरिंग किया था। उसके बाद वहीं पर उसकी नौकरी लग गई। साल 2015 में उसकी शादी घरवालों ने करवा दी। शादी के कुछ दिनों बाद उसकी नौकरी छूट गई। कुछ दिन आरोपी गांव में रहा, उसके बाद फिर से नौकरी ढूंढने लगा। साल 2020 तक आरोपी ने नौकरी की। लेकिन कम सैलरी की वजह से उसके घर का खर्चा नहीं चल पा रहा था।

Published on August 16, 2025 by Reporter Kadeem Rajput TV Newsकल तक
    Built with v0